जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने दसवीं बोर्ड कक्षा (रेगुलर) का रिजल्ट जारी कर दिया है। बोर्ड परीक्षा में एनी अली (जेएसएसएस) ने 99.43 फीसदी अंक लेकर जामिया स्कूलों में टॉप किया है। जबकि जुलेख अख्तर (जेजीएसएसएस) ने 98.71 फीसदी के साथ दूसरा और रबाब जहरा (जेजीएसएसएस) ने 98.43 फीसदी अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है। दसवीं परीक्षा में 97.16 फीसदी छात्र पास हुए हैं। परीक्षा में लड़कों की तुलना में लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
कुलपति प्रो. नजमा अख्तर ने समय पर रिजल्ट जारी करने पर परीक्षा नियंत्रक विभाग को बधाई दी है। परीक्षा नियंत्रक (सीओई), डॉ नाजिम हुसैन जाफरी ने कहा कि बेतरीन टीम के चलते लॉकडाउन में कॉपी जांचने से लेकर उसे तैयार करने का काम पूरा हो सका। रिजल्ट www.jmicoe.in पर उपलब्ध है। कुल 633 छात्रों ने दसवीं कक्षा की परीक्षाओं में हिस्सा लिया था। इसमें से 324 लड़कियां और 309 लड़के शामिल थे। इनमें से 98.15 फीसदी लड़कियां और 96.12 फीसदी लड़के पास हुए। पास होने वाले कुल छात्रों में से 453 ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक पाए। ये छात्र जामिया के तीन स्कूलों जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जेजीएसएसएस), जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जेएसएसएस) और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एसएएचएसएसएस) के हैं।
10वीं और 12वीं के प्राइवेट छात्रों का रिजल्ट जारी
जामिया बोर्ड ने दसवीं (प्राइवेट) और बारहवीं (प्राइवेट-आर्टस) कक्षा के छात्रों का रिजल्ट भी घोषित कर दिया है। 10वीं कक्षा का पास फीसदी 43.97 फीसदी और 12वीं कक्षा का पास फीसदी 55.24 फीसदी रहा है। 12वीं कक्षा (प्राइवेट) में, कुल 696 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें से 306 छात्र पास हुए हैं। इसमें से 117 छात्रों ने फर्स्ट डिवीजन, 120 ने सेकेंड डिवीजन और 35 ने थर्ड डिवीजन से परीक्षा पास की है। 12 वीं कक्षा (प्राइवेट-आर्टस) में कुल 458 छात्र उपस्थित हुए। 10 छात्रों को डिस्टिंकशन के साथ फर्स्ट डिविजन मिली। जबकि 78 ने फर्स्ट डिविजन, 98 ने सेकंड डिविजन और 68 छात्रों को थर्ड डिविजन मिली है।