दिल्ली बैट्री-रिक्शा चालक संघ ने ई-रिक्शा पर पाबंदी के खिलाफ 17 सितंबर से जेल भरो आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संघ की कार्यकारिणी की बैठक में चालकों ने यह फैसला लिया है।
केंद्र सरकार से मांग की है कि वह 16 सितंबर तक इसे लेकर नीति स्पष्ट करे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह 17 सितंबर से जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। संघ के महासचिव सुरेश प्रसाद ने कहा कि हम कई बार सड़क पर उतरकर विरोध करके अपनी मांग रख चुके हैं। लेकिन सरकार ने अभी तक इस दिशा में कोई उचित कदम नहीं उठाया है।
ई-रिक्शा चालक इस देरी के कारण भुखमरी के कगार पर हैं। अब सरकार को अंतिम चेतावनी दे रहे हैं कि वह 16 सितंबर तक कोई कदम उठाए नहीं तो हम 17 से सड़क पर आंदोलन करेंगे।