आयकर विभाग ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी (आप) ने 27 करोड़ रुपये के चंदे को लेकर जो ऑडिट रिपोर्ट तैयार की है उसमें कई गड़बड़ियां हैं। चुनाव आयोग को सौंपी गई एक रिपोर्ट में विभाग ने कहा है कि वर्ष 2013-14 और 2014-15 में पार्टी को मिले चंदे के रिकार्ड में कई तथ्यात्मक गड़बड़ियां पाई गई हैं।
चंदा देने वाले विभिन्न लोगों से मिले पैसे से यह मेल नहीं खाता। आयकर विभाग एक साल से अधिक समय से आप के चंदे की जांच कर रहा है। कानून के मुताबिक राजनीतिक दलों को चार्टर्ड अकाउंटेंटों की मदद से ऑडिट रिपोर्ट तैयार कर उसकी एक प्रति आयकर विभाग को देनी पड़ती है।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 27 करोड़ रुपये के चंदे वाले रिकॉर्ड में गड़बड़ियां हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि पार्टी के कोषाध्यक्ष ने आयकर अधिकारियों के साथ बातचीत में इसमें कुछ गलतियों की बात स्वीकार की थी।