दक्षिण जिले की कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने युवती से दुष्कर्म व धोखाधड़ी के आरोप में आईआरएस अफसर को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2012 बैच के इस आईआरएस अफसर को नागपुर स्थित आईआरएस ट्रेनिंग कैंप से पकड़ा गया।
उसे नागपुर कोर्ट में पेश कर तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है। मामला दर्ज होने के बाद अफसर कई महीनों से फरार था। दक्षिण जिले के एक पुलिस अधिकारी ने आईआरएस अफसर के गिरफ्तार होने की पुष्टि की है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित युवती दीपा (26, बदला हुआ नाम) पश्चिमी दिल्ली के पटेल नगर की रहने वाली है। दीपा सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है।
कई महीनों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा
दीपा को किसी ने आईएएस अफसर गौरव शुक्ला का मोबाइल नंबर ये कहकर दिया था कि वह उसकी सिविल सर्विसेज की तैयारी करने में मदद करेगा। दीपा ने गौरव शुक्ला को फेसबुक पर आवेदन भेज दिया।
इसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई। युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वह कई महीनों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
दीपा ने उस पर जब शादी करने का दबाव डाला, तो आरोपी शुरू में शादी करने के लिए मना करने लगा। बताया जा रहा है कि दीपा के ज्यादा दबाव डालने पर आरोपी अफसर ने उससे आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
गौरव शुक्ला शादीशुदा है और उसका छह वर्ष का एक बेटा भी है
बाद में युवती को पता लगा कि गौरव शुक्ला शादीशुदा है और उसका छह वर्ष का एक बेटा भी है। युवती ने इसकी शिकायत कोटला मुबारकपुर थाने में कुछ महीने पहले दी थी।
पुलिस ने दुष्कर्म, शादीशुदा होते हुए शादी करना, जान से मारने की धमकी देना आदि धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। आरोपी नागपुर में आईआरएस की ट्रेनिंग ले रहा था।
पुलिस ने जब वहां छापेमारी की तो वह फरार हो गया था। उसे अब नागपुर स्थित आईआरएस ट्रेनिंग कैंप से नागपुर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया है।