दिल्ली के उत्तरी जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने पुलिस अफसर बनकर ठगी करने वाले ईरानी गिरोह का पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पूर्वज पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के अंगरक्षक के रूप में भारत आए थे और उनको भारतीय नागरिकता दे दे गई थी। अब ये लोग मध्यप्रदेश में रहते हैं। आरोपी आठ घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोतवाली थाने में तैनात एसआई पवन कुमार को मंगलवार शाम को सूचना मिली थी कि ठगी व लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्य रात साढ़े नौ बजे के करीब लालकिले के पास आएंगे।
कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने लालकिले के पास घेराबंदी की। कुछ देर में मोटरसाइकिल पर दो ईरानी नागरिक आए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। भागने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों गिर पड़े। पुलिस टीम ने एक आरोपी फतेह अली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी जाहिर फरार हो गया।