गुरु गोबिंद सिंह इन्द्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 में यूजी, पीजी, पीएचडी व बीएड प्रोग्राम में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा (सीईटी-कॉमन एंट्रेस टेस्ट) का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यूजी व बीएड प्रोग्राम के लिए कंप्यूटर बेस्ड कॉमन एंट्रेस टेस्ट 18 व 19 जून को होगा जबकि पीजी और पीएचडी प्रोग्राम के लिए परीक्षा 23 जून से 25 जून तक होगी। परीक्षा केसमय व कोर्स की सही तारीख की जानकारी जल्द ही यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
सीईटी के लिए दिल्ली-एनसीआर( दिल्ली, गुरूग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा) समेत जयपुर, बैंगलूरू, चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकत्ता व मुंबई में परीक्षा सेंटर बनाए गए हैं। 150 मिनट की प्रवेश परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। किसी प्रश्न का गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी। विश्वविद्यालय द्वारा एक बार आवंटित परीक्षा केंद्र को किसी भी परिस्थिति में बदला नहीं जाएगा। इस संबंध में किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्र के लिए पहला और दूसरा विकल्प यदि किसी अन्य कारण से लागू नहीं किया जाता तो उम्मीदवार को दिल्ली केंद्र आवंटित किया जाएगा। आईपीयू प्रशासन केअनुसार सीईटी केसंबंध में सभी जानकारी वेबसाइट पर जारी की जाएगी। लिहाजा आईपीयू ने उम्मीदवारों को समय-समय पर वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी है।