आने वाले समय में सेक्टर-22 के स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की पहल पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कमेटी यहां का दौरा करेगी। यहां आईपीएल मैच कराए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने यह जानकारी दी।
वो शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद पथिक सिंह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में चल रही वीनू मांकड अंडर-19 क्रिकेट ट्रॉफी का मैच देखने पहुंचे। नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से नोएडा स्टेडियम पर चर्चा हुई है।
उन्होंने भी इस पर दिलचस्पी जाहिर की है। ग्रेटर नोएडा के गौतमबुद्ध नगर युनिवर्सिटी (जीबीयू) समेत दोनो ग्राउंड अच्छे हैं लेकिन यहां दर्शकों के बैठने की क्षमता कम है। बीसीसीआई चाहती है कि करीब 40 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था जरूर हो। प्राधिकरण इस पर काम कर सकता है। इसके बाद यहां आईपीएल मैच भी कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल पाकिस्तान के साथ कोई भी क्रिकेट मैच नहीं खेला जाएगा, क्योंकि वहां के हालात अच्छे नहीं हैं।