अगले शैक्षणिक सत्र से नए कोर्स होंगे शुरू, फिल्म महोत्सव के आयोजन की भी योजना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईपी यूनिवर्सिटी जल्द फिल्म स्कूल की शुरुआत करेगा। इसके लिए अगले शैक्षणिक सत्र से नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। स्कूल में छात्रों को फिल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं को लेकर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसकी घोषणा आईपी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. महेश वर्मा ने यूनिवर्सिटी के ईस्ट दिल्ली स्थित कैंपस में एक नई फिल्म के प्रमोशन कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय फिल्म स्कूल के तहत नए डिग्री कोर्स शुरू करेगा। साथ ही विश्वविद्यालय जल्द ही लघु प्रशिक्षण प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी शुरू करेगा ताकि अधिक युवा प्रतिभाएं सिनेमा की दुनिया में कदम रख सकें। विश्वविद्यालय एक फिल्म महोत्सव की मेजबानी करने की भी योजना बना रहा है, जहां दुनिया भर की कहानियां यूनिवर्सिटी के छात्रों की कहानियों से मिलेंगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी सिनेमा सबसे शक्तिशाली माध्यम बना हुआ है।
फिल्में न केवल कहानियां बताती हैं बल्कि भावनाओं को जगाती हैं। साथ ही रूढ़िवादिता को तोड़ती हैं और हमें बड़े सपनों की ओर प्रेरित करती हैं। विश्वविद्यालय ने मूनलाइट फिल्म के साथ एक समझौता ज्ञापन भी किया है। वहीं, फिल्म प्रमोशन के लिए आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ फिल्म निर्माता महेश भट्ट, प्रसिद्ध संगीत निर्देशक अनु मलिक, अभिनेता अरहान पटेल, हिरण्य ओझा, अभिषेक दुहान सहित कई दूसरे लोग मौजूद रहे।