-विद्यार्थियों को मिलेंगे दो मौके, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 90 मिनट का समय
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में स्नातकोत्तर प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों की ऑनलाइन बहु- विकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) आधारित आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा 27 नवंबर से शुरू होगी। यह परीक्षा 10 दिसंबर 2026 तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के लिए इसके बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
यह परीक्षा एम हिंदी, एमए संस्कृत, एमए इतिहास, एमए राजनीति विज्ञान, एम कॉम बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (बीएलआईएस), मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (एमएलआईएससी) और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ऑटोमेटेड एंड डिजिटल लाइब्रेरी मैनेजमेंट (पीजीडीएडीएलएम) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को परीक्षा में प्रत्येक विषय के लिए अधिकतम दो बार शामिल होने का अवसर मिलेगा। दोनों प्रयासों में से बेहतर अंक को आंतरिक मूल्यांकन में जोड़ा जाएगा। सामान्य विद्यार्थियों को परीक्षा पूरी करने के लिए 45 मिनट मिलेंगे, जबकि दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) विद्यार्थियों के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। एसओएल ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थी 27 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी दिन और समय पर संबंधित विषय की परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा शुरू करने के बाद निर्धारित समय में सभी प्रश्न हल करना अनिवार्य होगा। सभी प्रश्नों का प्रयास करने के बाद ही सबमिट का विकल्प सक्रिय होगा। परीक्षा के दौरान दूसरी विंडो खोलने या उस पर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसा करने पर परीक्षा स्वत: सबमिट हो सकती है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को डेस्कटॉप या लैपटॉप से परीक्षा देने और बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की सलाह दी है। साथ ही, अंतिम परीक्षा से पहले मॉक टेस्ट देने को कहा गया है। परीक्षा पूरी होने के बाद प्राप्त अंकों का स्क्रीनशॉट लेकर सेमेस्टर का परिणाम जारी होने तक सुरक्षित रखना होगा।
ऐसे करें लॉगिन
विद्यार्थी प्रज्ञान पोर्टल (pragyan.sol.du.ac.in) या एसओएल की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं। इसके लिए यूजर टाइप में स्टूडेंट का चयन करना होगा। लॉगिन के लिए प्रवेश आवेदन के समय इस्तेमाल किए गए यूजर आईडी और पासवर्ड का ही उपयोग करना होगा। एक समय में केवल एक डिवाइस से लॉगिन की अनुमति होगी।