अतिक्रमण करने वालों को लाभ पहुंचाने के लिए लेखपाल ने ग्राम सभा की सरकारी जमीन को करीब 6400 वर्ग गज कम दिखा दिया। सरकार को करीब 3 करोड़ के राजस्व के नुकसान पर उपजिलाधिकारी सदर ने लेखपाल रधुवंश भारद्वाज को निलंबित कर दिया है। नायब तहसीलदार कासना को जांच अधिकारी बनाया गया है।
3 सितंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि इस वर्ष 26 अगस्त को तहसीलदार सदर ने रिपोर्ट में जानकारी दी थी कि ग्राम लेखपाल रधुवंश भारद्वाज ने ग्राम-शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर हाईकोर्ट के आदेश पर अपनी आख्या दी थी।
इसमें अतिक्रमण की गई भूमि के कब्जे को कम दर्शाया गया था। जिससे सरकार को करीब 3 करोड़ के राजस्व के नुकसान हुआ। इस पर तहसीलदार ने लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने और निलंबन की संस्तुति की थी। भारद्वाज को सदर तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो के साथ संबद्ध कर दिया है।