फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में एक ऐसा परिवार है, जो देशप्रेम के लिए कुछ कर गुजरने की भावना रखता है। गांव गड़खेड़ा खुर्द में सिपाही सुरेंद्र सिंह का परिवार रहता है। वे खुद तो आर्मी से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन उनका बेटा पंकज, बेटी पूनम आर्मी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि सुरेंद्र का छोटा बेटा प्रदीप सिविल सर्विस की तैयारी कर नौकरशाही का अहम हिस्सा बनने की तैयारी कर रहा है।
अधिक गर्व की बात तो यह है कि पंकज ने हाल ही में देहरादून में इंडियन सैन्य अकादमी में आयोजित परेड में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। सोमवार को गांव निवासियों ने अपने होनहार बेटे पंकज को सम्मानित किया।
पिता और बहन से ली प्रेरणा
-लेफ्टिनेंट पंकज कुमार ने बताया कि वह अपने पिता को बचपन से देखते आए हैं। देश-प्रदेश में सैकड़ों लोग इसलिए ही सुरक्षित है क्योंकि उनके पिता जैसे लोग सीमा की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। पंकज ने बताया कि उनकी बहन पूनम भी आर्मी में कैप्टन है। इन दोनों से उन्हें बहुत प्रेरणा मिली। रिटायर फौजी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका छोटा बेटा प्रदीप आईएएस बनना चाहता है। प्रदीप का कहना है कि आज भ्रष्टाचार हर जगह है। नौकरशाही में शामिल होकर इसे मिटाया जा सकता है।
मां भी नहीं घबराती
लेफ्टिनेंट की मां कैलाश देवी ने बताया कि जब पति घर से बाहर रहते थे, तो डर लगता था। लेकिन अब जब बेटी और बेटों ने भी हिम्मत दिखाई है तो डर नहीं लगता। गर्व महसूस होता है कि वह देश की सेवा करने वाले सिपाही की पत्नी और देश की सेवा में लगे बच्चों की मां हैं।