दिल्ली के विवेक विहार इलाके में सोमवार शाम तेज रफ्तार इनोवा व मारुति कार आपस में टकराने के बाद सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गई। दोनों कारों की चपेट में एक साइकिल सवार व पैदल राहगीर आ गया।
गंभीर हालत में साइकिल सवार शिव कुमार (55) व पैदल जा रहे विजय बहादुर (42) को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की मानें तो इनोवा कार राज्यसभा टीवी की ओबी वैन है।
पुलिस ने उसके चालक सुरेश को हिरासत में ले लिया है। मारुति कार का चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम को आनंद विहार से सीमापुरी जाने वाली सड़क पर हुआ। लाल रंग की मारुति कार व राज्यसभा टीवी की ओबी वैन सीमापुरी की ओर जा रही थी। इस बीच दोनों की टक्कर हुई।
संतुलन बिगड़ने पर दोनों कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर जाकर पलट गई। दोनों कारों की चपेट में साइकिल पर जा रहे शिव कुमार व पैदल विजय बहादुर आ गए।
शिव कुमार परिवार के साथ मानसरोवर पार्क इलाके में रहता था। वह एक कुरियर कंपनी में काम करता था। जबकि विजय बहादुर पटपड़गंज स्थित एक कंपनी में गार्ड की नौकरी करता था। वह रहता भी वहीं था।