इनेलो के मुखिया ओमप्रकाश चौटाला अपनी जेलयात्रा को इस लोकसभा चुनाव में भुनाना चाहते हैं। शायद इसीलिए उनकी एक चिट्ठी अस्पताल से आई है।
चिट्ठी में उन्होंने पार्टी व पगड़ी की दुहाई देते हुए कांग्रेस सरकार को ललकारने की कोशिश की है। पार्टी के लोग इस पत्र को पढ़कर वोट कैश करने की कोशिश में लगे हैं।
इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र चौहान का कहना है कि पत्र से पार्टी को लाभ होगा।
'सारी जिंदगी जेल में बिताने को तैयार हूं'
पार्टी के जिलाध्यक्ष आरके चिलाना का तर्क है कि चौटाला का जनता के साथ गहरा जुड़ाव है। उनसे संबंध बनाए रखने के लिए और लोगों का हालचाल लेने के लिए ही उन्होंने पत्र लिखा है।
चौटाला ने इस पत्र में कांग्रेस को ललकारते हुए लिखा है कि यदि ‘मैंने कोई गुनाह किया है तो सारी जिंदगी जेल में बिताने को तैयार हूं। अन्यथा इन षड्यंत्रकारी ताकतों से सारा हिसाब आपने चुकता करना है’। इसमें उन्होंने अपने बुजुर्ग होने का भी हवाला दिया है। साथ ही कविता भी लिखी है।
बोले विरोधी, 'ये है इमोशनल अत्याचार'
विपक्षी पार्टियों इस पत्र को चौटाला का इमोशनल अत्याचार करार दिया है। फरीदाबाद के कांग्रेस विधायक आनंद कौशिक का कहना है कि जिस कारण चौटाला जेल में हैं उसका मामला उन्हीं के शासनकाल में दर्ज किया गया था। कांग्रेस कभी बदले की भावना से काम नहीं करती। जो जैसा करता है उसका फल उसे अवश्य मिलता है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवदत्त वशिष्ठ का कहना है कि हरियाणा की जनता राष्ट्रवाद के बारे में सोच रही है। ऐसे में इन इमोशनल पत्रों का कोई स्थान नहीं है। जनता न तो इससे भ्रमित होगी और न ही इसका कोई असर होगा।
'फरीदाबाद को बना दिया फकीराबाद'
बसपा के लोकसभा प्रभारी रामजी लाल का कहना है कि चौटाला अपनी करनी का परिणाम भोग रहे हैं। फरीदाबाद को फकीराबाद बनाने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी।
आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रभारी आभास चंदीला ने कहा कि जनता को पता है कि चौटाला किस कारण जेल में हैं। यह उनका इमोशनल अत्याचार है। जनता बहकावे में नहीं आने वाली।