मकालू चोटी की चढ़ाई के दौरान चोटिल हुए अर्जुन वाजपेयी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हालांकि अभी भी गले में दर्द सहित अन्य बीमारियों से पूरी तरह से राहत नहीं मिली है।
युवा पर्वतारोही माता-पिता के साथ सोमवार को वापस आएंगे। मालूम हो कि देश के सबसे युवा पर्वतारोही मकालू फतह करने से कुछ ही दूर से रह गए थे। अंतिम समय में मौसम में बदलाव और संसाधनों की कमी के चलते उन्हें असफलता हाथ लगी। इस दौरान घायल हुए अर्जुन को काठमांडू के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चार दिन तक इलाज के बाद शनिवार को उन्हें छुट्टी मिली। फोन पर हुई बातचीत में अर्जुन ने अपने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि गले में दर्द, पैरों में छाले समेत अन्य बीमारियों से अभी भी जूझ रहे हैं। डॉक्टरों ने आराम करने के लिए कहा है। वहीं, मकालू पर चढ़ाई के संबंध में कहा कि जब तक चोटी को फतह नहीं कर लेंगे तब तक आराम से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि अगले साल फिर से वो इसके लिए प्रयास करेंगे।