कुलपति और रजिस्ट्रार ने की केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री से मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया को अत्याधुनिक अनुसंधान और इनोवेशन केंद्र में बदलने की पहल के लिए जामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की। इस मौके पर जामिया के रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी भी मौजूद रहे। बैठक में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट केंद्र भवन, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं और छात्राओं के छात्रावास की स्थापना सहित दूसरी परियोजनाओं के लिए फंड की मांग की गई।
केंद्रीय मंत्री ने बुनियादी ढांचे के विकास और आवासीय सुविधाओं के लिए वित्त पोषण की मांग वाले जामिया के प्रस्ताव को मंजूरी देने का आश्वासन दिया। इसमें 5जी और उससे आगे की अत्याधुनिक प्रयोगशाला, मशीन लर्निंग एकीकृत-क्लाउड कंप्यूटिंग प्रयोगशाला के साथ उन्नत एआई और आईओटी, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अनुसंधान प्रयोगशाला, एक उन्नत डिजिटल गेमिंग लैब, क्रिएटिव मीडिया और मोबाइल एप डेवलपमेंट लैब, इमर्सिव मीडिया लैब सहित अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की ओर से विश्वविद्यालय के एफटीके सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र में साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना को भी मंजूरी देने का भी वादा किया। जामिया की आवासीय कोचिंग अकादमी के लिए छात्राओं के 100 बिस्तरों वाले छात्रावास और 250 छात्रों की बैठने की क्षमता वाली वातानुकूलित लाइब्रेरी के निर्माण की मंजूरी को भी स्वीकार कर लिया गया है।