दिल्ली के सफदरजंग में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द हो गई हैं। दूसरे अस्पताल भी आदेश दे सकते हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। छुट्टियां 16 से एम्स सहित दूसरे सप्ताह में शुरू हो रही थी।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच सफदरजंग अस्पताल ने डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी है। वहीं अन्य अस्पताल भी जल्द ऐसे आदेश जारी कर सकते हैं। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज व सफदरजंग अस्पताल की प्राचार्य गीतिका खन्ना के ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सभी संकाय की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। डॉक्टरों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सफदरजंग अस्पताल में संकाय (डॉक्टर) की छुट्टियां शुरू हो गई है। अस्पताल का आधा स्टाफ (डॉक्टर) इस दौरान छुट्टियों पर रहते हैं।
विज्ञापन
देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एम्स, डॉ. राम मनोहर लोहिया, लेडी हार्डिंग सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों से संबंधित अस्पतालों में भी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द हो सकती है। एम्स, आरएमएल में 16 मई से डॉक्टरों की गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो रही है। उक्त आदेेश के तहत अस्पतालों में मई से जुलाई तक अलग-अलग तारीखों में आधे डॉक्टर गर्मियों की छुट्टी पर रहते हैं।
इन डॉक्टरों के छुट्टियों पर रहने से मरीजों को सर्जरी, ओपीडी, जांच सहित दूसरे चिकित्सा के लिए लंबी तारीख दी जाती है। एम्स में आदेश के तहत 16 मई से 15 जुलाई तक गर्मी की छुट्टियां दी जानी थी, लेकिन इन छुट्टियों को बाद में दी जा सकती है।
मरीजों को मिलेगी राहत
सफदरजंग, डॉ. राम मनोहर लोहिया सहित अन्य अस्पतालों में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द होने से मरीजों को राहत मिलेगी। केंद्र सरकार के इन चार बड़े अस्पतालों में प्रति दिन 40 से 50 हजार मरीज ओपीडी में इलाज करवाने आते हैं। वहीं हजारों की संख्या में रोजाना सर्जरी होती है। डॉक्टरों के अभाव में इन्हें लंबी तारीख दी जाती हैं। इस दौरान आपातकालीन मरीजों को ही उसकी स्थिति के आधार पर प्राथमिकता दी जाती है।