फरीदाबाद के जादूगर और स्टंट मैन सीपी यादव का जादू कलर्स चैनल पर दिखेगा। शनिवार रात 9:00 बजे कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाले इंडिया गॉट टेलेंट शो में यादव के बेहतरीन स्टंट और जादू देखने को मिलेंगे।
प्रसारित होने वाले एपिसोड में जादूगर सीपी यादव के दोनो पैरों को बांध दिया जाएगा। इसके साथ ही दोनों हाथ में हथकड़ी लगाकर पूरे शरीर को 30 फुट लंबी लोहे की जंजीर से जकड़ दिया जाएगा। जिसके बाद पूरे शरीर पर 10 ताले लगा देंगे और क्रेन से उल्टा लटकाकर आग मे डाला जाएगा। आग से जिंदा और सुरक्षित निकलते सीपी यादव को देखना किसी करिश्मे से कम नहीं होगा।
यादव इस समय शहर के एनआईटी पांच में रहते हैं। वह देश-विदेश के जादू शो में जादूगर के साथ-साथ स्टंट भी करते हैं।
उन्होंने बताया कि जादू के साथ स्टंट करने की प्रेरणा उन्हें अमेरिकन मैजीशियन कम स्टंट मेन डेविड बलेन से मिली। जिसके बाद उन्होंने सोचा कि अगर विदेशों में ऐसा हो सकता है तो अपने देश में क्यों नहीं। जिसके बाद उन्होंने जादू के साथ स्टंट करना शुरू कर दिया। इस क्षेत्र में वह 1998 से काम कर रहे हैं।
यादव ने बताया कि अक्तूबर 2013 में उन्हें चैनल की ओर से फोन आया था। उन्हें कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था।
शुरूआत में उनके स्टंट को सुनकर शो की जज किरन खेर ने प्रस्तुति को शामिल करने से इंकार कर दिया था। लेकिन जब उन्होंने एक ट्रायल दिखाया तो वह राजी हो गईं। एपिसोड की शूटिंग नवंबर 2013 में गोरेगांव फिल्म सिटी में पूरी हो गई थी, इसके प्रसारण की जानकारी उन्हें कुछ दिन पूर्व मिली।