ग्रेटर नोएडा में 5 फरवरी से शुरू हो रहे ऑटो एक्सपो के लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पहली बार दिल्ली से बाहर ग्रेटर नोएडा में होने जा रहा 12वां ऑटो एक्सपो देश में अब तक का सबसे बड़ा ऑटो शो है।
उद्घाटन से एक दिन पहले ही भीड़ का आलम यह रहा कि एक दिन पहले ही लोगों ने मेला स्थल की एक झलक पाने को एक्सपो मार्ट के चारों ओर गाड़ियों का जमावड़ा लगा दिया। एक्सपो में करीब 69 मॉडलों के वाहन लांच होंगे।
कार के दीवानों के लिए सज गया एक्सपो मार्ट
दुनिया भर के कार निर्माताओं के लिए ऑटो एक्सपो का मंच सजकर तैयार हो गया है। ऑटो एक्सपो के उद्घाटन को खास बनाने के लिए जो मंच बना है वह किसी फिल्मी सेट से कम नहीं है।
सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने, स्टॉल को सजाने और साजो-सामान को व्यवस्थित करने में प्रत्येक व्यक्ति मशीन की तरह जुटा रहा। कुल मिलाकर लाइट, कैमरा तैयार हैं और अब इंतजार है तो बस एक्शन का।
कार और बाइक कंपनियों में स्टॉलों को सबसे सुंदर दिखाने की जैसे होड़ लगी है। इस बात का खास ध्यान रखा जा रहा है कि कहीं कोई कमी न रह जाए।
इलेक्ट्रॉनिक कार का आकर्षण
ऑटो एक्सपो में एक ऑटोमोबाइल कंपनी इलेक्ट्रॉनिक गाड़ियों को दिखाने जा रही है। गाड़ियां यहां पहुंच गई हैं। फार्मूला-1 रेस की तरह डिजाइन वाली इन गाड़ियों को बिजली से चार्ज कर चलाया जाता है। अपने पंडाल में यह कंपनी इन्हें चलते हुए दिखाएगी, जो निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
विंटेज कारों के भी होंगे दीदार
कुछ विंटेज कार भी ऑटो एक्सपो में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी। ऐसी गाड़ियों को यहां लाया गया है। एक्सपो में इन गाड़ियों के भी दीदार होंगे जो इतिहास बन चुकी हैं।
कमांडोज ने घेरे में लिया ऑटो एक्सपो
ऑटो एक्सपो के लिए यहां एक्सपो मार्ट में जबर्दस्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि यहां पर एनएसजी कमांडो को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद करने की वजह यह है कि इसमें चीन, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर, ताइवान और अमेरिका आदि करीब 30 देश शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही मेले को देखने के लिए रोजाना एक लाख से अधिक दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, पुलिस और पीएसी के करीब सवा दो हजार जवानों को एक्सपो मार्ट की सुरक्षा में तैनात किया गया है। ऐसे में देखने से ही यह छावनी जैसा लगता है। यही नहीं प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड भी यहां पर बड़ी संख्या में लगाए गए हैं।
ऑटो एक्सपो का ट्रैफिक प्लान तैयार
रफ्तार के रोमांच के बाद अब गाड़ियों के शौकीनों का हुजूम ग्रेटर नोएडा में जुटने वाला है। देश-विदेश से आने वाले दर्शकों और वीआईपी मेहमानों को ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े, इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। ऑटो एक्सपो-2014 के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। एक्सपो मार्ट में पांच फरवरी से शुरू होने जा रहे ऑटो एक्सपो में फॉर्मूला-वन से ज्यादा दर्शकों की भीड़ जुटने की संभावना है। इसको ध्यान में रखकर ट्रैफिक पुलिस ने प्लान तैयार किया है। नॉलेज पार्क-2 के अलावा गलगोटिया कॉलेज के पीछे एएसआई की पार्किंग में भी ऑटो एक्सपो के दर्शक अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।
गाड़ियों का मेला देखने के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम जैसे हालात पैदा न हो, इसलिए नलगढ़ा अंडरपास से लेकर गलगोटिया कॉलेज तक एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन को वन-वे किया जाएगा। पार्किंग से निकलने वाले वाहन ही सर्विस लेन का प्रयोग कर सकेंगे। वहीं, भारी वाहन जाम का सबब न बन जाएं, इसको लेकर भी तैयारी की गई है। एलजी गोल चक्कर से शारदा यूनिवर्सिटी होते हुए एक्सपो मार्ट का रूट भारी वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। इस रूट पर भारी वाहन चलता पाया गया तो उसे जब्त कर जुर्माना लगाया जाएगा।
पांच दिन में ‘आम आदमी’ को मिले 33 घंटे
ऑटो एक्सपो-2014 के पांच दिन के शो में सिर्फ 33 घंटे ‘आम आदमी’ को मिले हैं। पांच से शुरू होने वाला ऑटो एक्सपो आम पब्लिक के लिए सात को खुलेगा। इसमें सात फरवरी को पांच घंटे, आठ व नौ फरवरी को नौ घंटे और दस व ग्यारह फरवरी को फिर पांच-पांच घंटे के लिए आम लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। देश दुनिया की बड़ी-बड़ी कार निर्माता कंपनियों का जलवा देखने के लिए आम आदमी को सात फरवरी को प्रवेश मिलेगा। हर दिन का समय अलग होगा और टिकट की दर भी अलग रखी गई है। पांच घंटे का शो 200 रुपये का है, जबकि नौ घंटे का शो 300 रुपये में देखने को मिलेगा। ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और इसमें रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है।
ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में ऑटो एक्सपो 2014 को लेकर आयोजकों के साथ आम पब्लिक में भी काफी उत्सुकता है। रोजाना जानकारी एकत्र करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स (सियाम) ने सभी आवश्यक जानकारियां मुहैया करवा दी हैं। सियाम ने बताया कि बुक माई शो को ऑनलाइन टिकट बिक्री की आधिकारिक जिम्मेदारी दी गई है। शो के टिकट वेबसाइट से सीधे खरीदे जा सकते हैं। आयोजकों का अनुमान है कि दिल्ली में हुए ऑटो एक्सपो-2012 से ज्यादा भीड़ ग्रेनो पहुंचेगी।
रफ्तार के दीवानों की रिकॉर्ड ‘हिट’
ऑटो एक्सपो 2014 की आधिकारिक वेबसाइट www.autoexpo.in पर रफ्तार के दीवानों ने रिकॉर्ड ‘हिट’ लगाई है। ऑटो एक्सपो की जानकारी हासिल करने की होड़ में आगे निकलने के लिए रोजाना पचास हजार से एक लाख लोग वेबसाइट देख रहे हैं। इस वेबसाइट पर छह दिन में छह लाख से ज्यादा लोगों ने विजिट किया है। ऑटो एक्सपो 2014 की मेजबानी ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट को मिली है। इसमें देश और दुनिया की सभी नामी कंपनियां शिरकत करेंगी। अभी तक इसका आयोजन दिल्ली के प्रगति मैदान में होता था।
कौन-कौन से मॉडल
एक्सपो में मारुति, ह्यूंदे, होंडा, टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकार्प और फोर्ड समेत 47 से ज्यादा वाहन निर्माता कंपनियां शामिल हो रही हैं।
दो भागों में बंटा है ऑटो एक्सपो
12वें ऑटो को पहली बार दो भागों में बांटा गया है। पांच फरवरी से 11 फरवरी तक चलने वाले इस शो का कंपोनेंट शो दिल्ली के प्रगति मैदान में होगा। यह शो 6 से 9 फरवरी के बीच होगा। जगह की कमी के चलते कंपोनेंट शो को प्रगति मैदान में आयोजित किया गया है।
एप से आसान होगी राह
ऑटो एक्सपो में पहुंचने के लिए माबाइल ऐप आपकी राह काफी आसान करेंगे। इनके जरिए आयोजन स्थल का रास्ता, एक्सपो में शामिल होने वाली कंपनियों की जानकारी, लांच का समय, बड़ी कंपनियों के स्टॉल, एक्सपो की खबरें और वीडियो, पार्किंग, शटल सर्विस आदि के बारे में पूरी जानकारी मौजूद होगी। इस ऐप को आप मुफ्त में डाउनलोड भी कर सकेंगे। एंड्रायडए ब्लैकबेरीए आईफोन और विंडोज फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए यह एप उपलब्ध है।
एक दुनिया यह भी
एक्सपो मार्ट में जहां तड़क-भड़क का माहौल है, वहीं एक दुनिया इसके बाहर भी सज गई है। यह दुनिया है मेहनतकश लोगों की, जो रोजाना कुआं खोदकर पानी पीते हैं। यहां रेहड़ी, पटरी वालों की दुकानें भी सज गई हैं।
एक्सपो मार्ट के अंदर जहां महंगे खान-पान की व्यवस्था होगी, वहीं रेहड़ी और फुटपाथ पर कहीं सस्ता खाना मिल जाएगा। काम में जुटे लोग मंगलवार को यहीं खाना खाते देखे गए। इसके अलावा यहां छोटी-बड़ी और भी जरूरी चीजों की दुकानें सज गई हैं।
कैसे पहुंचे:
दिल्ली से आने वाले: दिल्ली से आने वालों को अक्षरधाम मंदिर के सामने से होते हुए नोएडा गेट और यहां से सीधे परी चौक तक जाना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा की सीमा में प्रवेश करते हुए बाईं ओर डेढ़ किलोमीटर की दूर पर एक्सपो मार्ट स्थित है। डीएनडी और कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहन भी महामाया फ्लाईओवर से सीधे एक्सप्रेसवे होते हुए इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंच सकेंगे।
एनएच-24: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 से आने वाले वाहन रोड नंबर दो से लिंक रोड होते हुए महामाया फ्लाईओवर पहुंचेंगे। यहां से नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए एक्सपो मार्ट पहुंचा जा सकेगा।
बस सेवा:
नोएडा बॉटनिकल गार्डन: ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए नोएडा बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से हर आधे घंटे पर बसों को इंतजाम किया गया है। यहां से सीधे ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए एक्सपो मार्ट पहुंचा जा सकता है।
शटल सेवा: निजी वाहनों का इस्तेमाल न करने वाले भी एक्सपो मार्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे। पार्किंग स्थल के साथ दिल्ली के अलग-अलग प्वाइंटों और नोएडा के मेट्रो स्टेशनों से भी एक्सपो मार्ट के लिए सीधी शटल बसें चलाई जाएंगी। एक्सपो मार्ट के समीप एक शैक्षिक संस्था और नालेज पार्क में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां से एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए शटल सेवा मिलेगी, जो पार्किंग से सीधे मार्ट तक ले जाएगी।
टिकट: ऑटो एक्सपो 2014 के टिकट आनलाइन बुक माई शो पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा राजीव चौक, कश्मीरी गेट, प्रगति मैदान और नोएडा बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर टिकट उपलब्ध हैं। इसके अलावा पार्किंग से एक्सपो मार्ट तक पहुंचाने वाली शटल बसों में भी टिकट मिल जाएगा।
टिकट के लिए नहीं होगी मारामारी
सियाम ने बताया कि टिकट के लिए कोई मारामारी नहीं होगी। ऑनलाइन बिक्री के अलावा मेट्रो स्टेशन पर भी टिकट मिलेंगे। इसके लिए डीएमआरसी के साथ समझौता हो गया है। सीधे एक्सपो मार्ट पहुंचने वाले दर्शकों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। पार्किंग से एक्सपो मार्ट पहुंचने वाली शटल बसों में भी टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
मेट्रो स्टेशन पर मिलेंगे टिकट
एक्सपो मार्ट में ऑटो शो के लिए दिल्ली मेट्रो रेल को-ऑपरेशन ने एसआईएम के साथ समझौता किया है। जिसके तहत ऑटो शो के टिकट मेट्रो स्टेशन पर भी मिलेंगे। राजीव चौक, कश्मीरी गेट, प्रगति मैदान और बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन नोएडा से टिकट खरीदे जा सकते हैं। सात फरवरी से 11 फरवरी तक सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक टिकट की बिक्री होगी। इसमें पब्लिक और बिजनेस ऑवर्स के टिकट भी मिलेंगे।
टिकट का रेट: ऑटो शो देखने वालों को 200 रुपये और 300 रुपये खर्च करने होंगे। सात फरवरी से 11 फरवरी तक चलने वाले ऑटो शो में अलग-अलग दिन टिकट का रेट अलग होगा।
आम पब्लिक के लिए ऑटो एक्सपो :
तारीख----------- समय
7.02.2014 को 1.00 से 6.00
8.02.2014 को 10.00 से 7.00
9.02.2014 को 10.00 से 7.00
10.02.2014 को 1.00 से 6.00
11.02.2014 को 1.00 से 6.00
ऑटो एक्सपो में नो पार्किंग
ऑटो एक्सपो मार्ट को नो पार्किंग जोन बना दिया गया है। रफ्तार के शौकीन निर्धारित पार्किंग स्थल से शटल सेवा के जरिए आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स (सियाम) ने साइट प्लान तैयार कर दिया है। इसमें सभी प्रवेश द्वारों को निर्धारित करते हुए आयोजन स्थल को नो पार्किंग जोन बना दिया गया है। इसमें एक गेट वीआईपी, एक गेट टेबल काउंटर, दो गेट सर्विस एंट्री के लिए होंगे, जबकि आठ गेटों से पब्लिक अंदर जा सकेगी। एक नंबर गेट पर ही वीआईपी गाड़ियां जा सकेंगी।
एक्सपो मार्ट का साइट प्लान तैयार
1. वीआईपी प्रवेश---------------------गेट नंबर एक
2. टेबल काउंटर प्रवेश----------------गेट नंबर दो
3. सर्विस एंट्री प्रवेश------------------गेट नंबर 9 व 10
4. पब्लिक एंट्री प्रवेश----------------गेट नंबर 3, 4, 5, 6, 7, 8, 11 और 12
आपातकालीन टेलीफोन नंबर :
पुलिस: 100
फायर बिग्रेड: 101
एंबुलेंस: 108