सारा देश ऋणी रहेगा उनका वीरता से लड़ते हुए जो मां के आंचल में खो गए, शत शत बार देश करता प्रणाम उन्हें जो मातृभूमि के लिए शहीद हो गए। वीर रस और देश भक्ति में डूबी इस तरह की रचनाएं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शहीद और उनके परिवारों को सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कवियों ने प्रस्तुत कीं।
पुलिस कमिश्नरेट फरीदाबाद और फरीदाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रील की ओर से सेक्टर 17 स्थित मॉर्डन पब्लिक स्कूल में एक शाम शहीदों के नाम का आयोजन शुक्रवार शाम किया गया। मुख्य अतिथि डीजीपी डॉ. केपी सिंह ने शहीद सैनिक और पुलिसकर्मियों के परिवार वालों को शॉल, स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरूआत पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी और टीवी कलाकार सुरेंद्र पाल ने दीप प्रज्जवलित कर की। इस मौके पर मुख्य अतिथि डीजीपी डॉ. केपी सिंह ने कहा कि पुलिस और पैरा मिलट्री के करीब एक हजार जोवान प्रतिवर्ष देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहूति देते हैं।
हमें इन शहीदों को भूलना नहीं चाहिए। कार्यक्रम में कवि के रूप में शामिल हुए पुलिस अधीक्षक मदन मोहन समर ने 'ये वक्त बहुत ही नाजुक है हम पर हमले दर हमले हैं, सैनिक तुम सीमा साधे रखना हम भीतर देश बचाएंगे' का पाठ किया तो हॉल तालियों से गूंज उठा। मनवीर मधुर ने 'शत शत बार देश करता प्रणाम उन्हें, वो जो मातृभूमि के लिए शहीद हो गए' का पाठ किया तो शहीदों के परिवार से आए लोगों की आंखें नम हो गईं।
मध्य प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पवन जैन ने भी वीररस की रचना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन कर रहे कवि दिनेश रघुवंशी ने 'समय आता है तो अक्सर वतन को भूल जाते हैं, लहू देकर किए उस आचमन को भूल जाते हैं, शहादत पर बड़ी बातें बड़े वादे करें लेकिन, शहीदों माफ करना हम वचन का भूल जाते हैं' सुना कर राजनेताओं पर कटाक्ष किया। कविता पाठ कार्यक्रम से पहले शहीद सैनिक और पुलिसकमयों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा, तिगांव विधायक ललित नागर, पृथला विधायक टेकचंद शर्मा के अलावा फरीदाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रधान एचके बत्रा, महासचिव आशीष जैन, कोषाध्यक्ष संदीप सिंघल, एमपी रुंगटा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।