नगर निगम क्रासिंग्स सिटी में एक हजार फ्लैट की हाउसिंग टाउनशिप लाने जा रहा है। निगम अफसर इसके लिए सात एकड़ जमीन चिन्हित कर ज्वाइंट वेंचर पैटर्न पर योजना को परवान चढ़ाने की कोशिश में जुट गए हैं।
नगर आयुक्त अब्दुल समद ने एक सप्ताह पूर्व ही शहर में खाली और कब्जा हो चुकी एलएमसी जमीनों का निरीक्षण किया था।
टाउनशिप के लिए नोएडा के मुहाने पर बसी क्रासिंग्स सिटी में पीछे की तरफ खाली पड़ी 7 एकड़ (35बीघा) जमीन चिन्हित की गई है।
बहुमंजिला इमारतों से सटी इस जमीन पर नगर निगम भी अपने फ्लैट बनाएगा। जल्द ही निविदा जारी कर बिल्डरों को कॉल कर प्रपोजल लिए जाएंगे। प्रक्रिया पूरी कर योजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।
योजना के तहत निगम की जमीन पर बिल्डर फ्लैट बनाएंगे। आमदनी में दोनों हिस्सेदार होंगे। अधिकारियों के मुताबिक जो बिल्डर अधिकतम इनकम देगा उसी के साथ कांट्रेक्ट किया जाएगा।
सदन और शासन से लेनी होगी मंजूरी
नगर निगम के इस प्रस्ताव पर अफसरों को सदन और शासन से मंजूरी लेनी होगी। इसकी डिटेल रिपोर्ट तैयार कर अधिकारी आगामी बोर्ड बैठक में रखेंगे और सदन के सुझाव को शामिल कर योजना पर काम शुरू करेंगे। सदन से प्रस्ताव पास होने के बाद इस पर नगर विकास विभाग से मंजूरी लेनी होगी।
जमीनों को कब्जामुक्त कराकर उन पर आवासीय योजना लाएंगे। सबसे पहले क्रासिंग्स सिटी में योजना की तैयारी है। अच्छी लोकेशन वाली अन्य जगहों पर योजना लाई जाएगी। - अब्दुल समद, नगर आयुक्त