भोंडसी के रायन इंटरनेशनल स्कूल में प्रद्युम्न की हत्या के मामले में सीबीआई अब दूसरे छात्र की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। सीबीआई जल्द ही इस मामले में खुलासा करेगी। सीबीआई ने शुक्रवार को भी आरोपी छात्र से सात घंटे तक पूछताछ की।
बुधवार को सीबीआई ने प्रद्युम्न हत्याकांड में पुलिस की थ्योरी पलटते हुए 11वीं क्लास के 16 वर्षीय एक छात्र को हिरासत में लिया है। इसके साथ सीबीआई का कहना है कि इसी छात्र ने परीक्षा रोकने के लिए प्रद्युम्न की हत्या कर दी।
हालांकि सीबीआई ने आधिकारिक रूप से इस बारे में कुछ नहीं कहा है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं लेकिन अभी तक न तो किसी को हिरासत में लिया गया है न ही पूछताछ की गई है।
अब सीबीआई इस मामले में कड़ी दर कड़ी जोडने में लगी है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस मामले में दूसरे बच्चे की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य साधनों से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। इसके लिए साक्ष्य जुटाने के साथ गवाहों के बयान को भी परखा जा रहा है, ताकि ठोस कार्रवाई की जा सके।
अब तक के सभी सबूतों के साथ क्रॉस वेरीफिकेशन का काम हो रहा
- फोटो : अमर उजाला
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक इस मामले में माली हरपाल और पीटी टीचर द्वारा पुलिस को दिए बयान की सच्चाई का भी पता लगाया जा रहा है। इस मामले में अब तक के सभी सबूतों के साथ क्रॉस वेरीफिकेशन का काम हो रहा है।
बता दें कि मंगलवार रात सीबीआई ने स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र को हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे बुधवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया। जहां से तीन दिन की रिमांड लेकर सीबीआई पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूछताछ में भी सीबीआई दूसरे बच्चे की भूमिका पर ही जानना चाहती है। सीबीआई को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में स्थिति और साफ हो जाएगी। बता दें कि 11वीं के छात्र को सीबीआई ने सीसीटीवी फुटेज और बयान के आधार पर ही हिरासत में लिया है।
सिर्फ छह दिन में हो गया था छात्र पर संदेह
जिस आरोपी छात्र को सीबीआई ने पकड़ा है उस पर संदेह केस मिलने के छह दिन के भीतर ही हो गया था। जांच एजेंसी ने 29 सितंबर को अदालत को बताया था कि उसने एक दिन पहले आरोपी के घर की तलाशी ली थी।
कोर्ट से सीबीआई ने वहां से बरामद वस्तुओं को अपने पास रखने की इजाजत मांगी थी। अदालत ने इसकी अनुमति दे दी थी। लेकिन इस तलाशी अभियान को सीबीआई ने गोपनीय रखा था। मकसद आरोपी किशोर के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाना था। 22 सितंबर को सीबीआई को केस सौंपा गया था।
पीटीएम टालने को हत्या का आइडिया कैसे आया
- फोटो : अमर उजाला
सीबीआई आरोपी छात्र से लगातार पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि पेरेंट टीचर मीटिंग और परीक्षा टालने के लिए हत्या करने का विचार उसके दिमाग में कैसे आया।
शुक्रवार को भी जांच एजेंसी ने सात घंटे तक पूछताछ की। हत्या के बाद उसने क्या किया। किससे उसने बात की, यह बात शेयर की या नहीं। एजेंसी उन सभी संभावनाओं को खंगालना चाहती है जो प्रद्युम्न की हत्या की वजह बनीं।