खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने कपड़े उतारकर अजीबों-गरीब हरकत शुरू कर दी। आरोपी पुलिस टीम पर पत्थर फेंकने लगा। टीम उसके फ्लैट में पहुंची और उसे काबू किया। बाद में उसे थाने लाया गया। मृतका की शिनाख्त अलीगढ़, यूपी निवासी साधना (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने पटना बिहार के रहने वाले बीटेक इंजीनियर दीपक (32) को हिरासत में ले लिया है। उसका मेडिकल करवाकर उसकी स्थिति जानने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी पुलिस और कानून से बचने के लिए हरकतें कर रहा है। वह बिल्कुल ठीक है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दीपक और साधना के मोबाइल को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। दोनों फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है। पड़ोसियों के भी बयान लिए जा रहे हैं।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि दीपक ने करीब डेढ़-दो माह पहले ही नरेला के मंसा देवी अपार्टमेंट में छठी मंजिल पर किराए का एक फ्लैट लिया है। यहां इसका दोस्त भी साथ रहता है। पिछले कुछ दिनों से इसका दोस्त अपने घर गया हुआ है। पेशे से इंजीनियर दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
सोमवार को दीपक की महिला दोस्त साधना इससे मिलने के लिए फ्लैट पर पहुंची। रात को वह वहीं पर रुक गई। सूत्रों का कहना है कि दोनों ने रात को फ्लैट पर पार्टी की। इस दौरान तड़के किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। इसी बात पर आरोपी दीपक ने महिला मित्र को नीचे फेंक दिया।
साधना के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी एक टांग भी टूट गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों से पूछताछ करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं साधना के मिलने-जुलने वाले लोगों से भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा दीपक से भी बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।
वारदात के बाद पड़ोसी हैरान...
मंसा देवी अपार्टमेंट में आरडब्ल्यूए महा सचिव ऋषि प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि दीपक ने करीब डेढ़ माह पहले ही यहां ई-2 ब्लॉक की इमारत में छठी मंजिल पर किराए पर फ्लैट लिया है। दीपक के साथ उसका एक दोस्त भी फ्लैट में रहता है। दोनों ही ठीक-ठाक थे। इसलिए इनको फ्लैट दिया गया। दोस्त के गांव जाने के बाद दीपक अकेला रह रहा था। किसी ने इसके फ्लैट पर महिला मित्र को नहीं देखा। अब इस वारदात के बाद से सभी पड़ोसी हैरान हैं।