जांच अधिकारी हरि ओम के अनुसार, जिला नूंह के नगीना थाना अंतर्गत गांव कंसाली निवासी हारुन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बहन मैना की शादी गांव कोट निवासी चांद खान के साथ पांच साल पहले हुई थी। उसके ससुराल वाले मैना को अधिक दहेज की मांग को लेकर मारते-पीटते थे। सोमवार को सुबह मैना की मौत की सूचना उन्हें मिली। पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों ने मैना के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इसके बाद मैना की मौत हो गई। उसके दो बच्चे हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति चांद खान, परिजनों अंजुम, शबनम, कालू, रमजान, इकराम व शहजाद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों को पता चल पाएगा। मामले की जांच की जा रही है। पति चांद खान का कहना है कि दहेज उत्पीड़न व मारपीट के आरोप निराधार हैं। मृतका का इलाज चल रहा था। वह रात्रि में सही से सोई थी। सुबह मृत अवस्था में मिली।
शादी के बाद से ही करता था मारपीट
मृतका के भाई निजाम ने बताया कि आरोपी चांद खान शादी के बाद से ही मैना के साथ मारपीट करता था। इसकी शिकायत नगीना थाना में भी की गई थी। तीन माह पहले आरोपी पति चांद खान गलती मान मैना को अपने घर ले आया था, परंतु उसके बाद भी वह मारपीट करता था। रविवार को मैना का भतीजा अपनी शादी का न्योता देने के लिए कोट गांव गया था, तो मैना ने उसे साथ ले जाने की बात कही थी। उसने अपने साथ मारपीट की बात भी बताई थी।