जुनैद हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराए जाने की पीड़ित पक्ष की याचिका पर सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जो जवाब दायर किया है, उसे जुनैद के पिता मोहम्मद जलालुद्दीन ने सिरे से खारीज करते हुए कहा है कि पुलिस सरासर झूठ बोल रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस उनका केस खराब करना चाहती है। पुलिस की जांच पर उन्हें बिल्कुल भरोसा नहीं है, तभी वे सीबीआई से जांच करवाने की मांग कर रहे हैं। मोहम्मद जलालुद्दीन ने अमर उजाला को बताया कि उन्हें कोई दो करोड़ तो क्या यदि 100 करोड़ रुपये भी दे तो वे समझौता नहीं करेंगे।
हां उन्होंने पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर उनके द्वारा घोषणा की गई मुआवजा राशि दिलवाने की जरूर मांग की थी, मगर यह आरोप बिल्कुल गलत हैं कि मामले में समझौता करने के लिए उनकी किसी से बातचीत चल रही है।