खेड़ा चौगानपुर गोलचक्कर के पास 20 सितंबर की रात शराब कंपनी के दो कर्मचारियों की हत्या कर नकदी और दो हथियार लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशाें से सोमवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दिनदहाड़े मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए।
वहीं एक सिपाही भी बदमाशों की गोली से घायल हो गया। लगभग 25 मिनट हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से 22 गोलियां चली। पुलिस ने एक बदमाश को मौके से दबोचा लिया जबकि एक फरार हो गया। पुलिस ने बदमाशों की कार से कर्मियों से लूटी गई बंदूक, 1.20 लाख रुपये नकद, एक पिस्टल, एक तमंचा भी बरामद किया है।
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि खेड़ा चौगानुपर कांड के आरोपी कार में सवार होकर ग्रेनो वेस्ट की ओर से जा रहे हैं। इसके बाद सीओ अनित कुमार के नेतृत्व में बिसरख कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा और सेक्टर-58 प्रभारी अनिल प्रताप की टीम बदमाशों की घेराबंदी में जुट गईं।
पुलिस टीम ने बिसरख कोतवाली क्षेत्र में बालक इंटर कॉलेज के पीछे बदमाशों की कार को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें दो बदमाशों को गोली लगी, जबकि कपिल जाट निवासी पूठरी (गाजियाबाद) को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिल गई। घायल बदमाशों की पहचान राजकुमार निवासी गांव कमाला, (बागपत), मनोज निवासी सादुल्लापुर के रूप में हुई।