दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एमसीडी चुनावों के लिए जमा की जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया है। पुलिस ने तस्कर समेत शराब की दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस शराब की दुकान के मालिक की तलाश कर रही है।
अपराध शाखा डीसीपी भीष्म सिंह के अनुसार शाखा की साउथ-वेस्टर्न रेंज में तैनात एसआई अरविंद कुमार को सूचना मिली थी कि टीडीआई फन रिपब्लिक मॉल, मोती नगर स्थित शराब की दुकान से अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब बेची जा रही है।
एसीपी जसवीर सिंह की देखरेख में शराब की दुकान के पास घेराबंदी की गई। कुछ समय बाद दुकान के पास शेवरले ओपट्रा कार आकर रुकी। कार के रुकते ही उसमें शराब रखना शुरू कर दिया गया।
जब कार जाने लगी तो पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और चालक सुशील चोपड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ के बाद शराब दुकान के कर्मचारी अमित को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार से किंगफिशर बीयर की 20 पेटी, व्हाइट एंड ब्लू, मैकडोबल नंबर-1 व रॉयल स्टेग की एक-एक पेटी और ऑफिसर्स च्वाइस की पांच पेटी बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई के बाद एक्साइज विभाग ने शराब की दुकान को सील कर दिया है।
सुशील चोपड़ा शराब तस्करी में नवंबर, 2016 में पहली बार गिरफ्तार हुआ था। सुशील ने बताया कि वह आगामी एमसीडी चुनावों के लिए शराब एकत्रित कर रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।