नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नांगलोई इलाके में अवैध एलपीजी रिफिलिंग और भंडारण रैकेट का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों 37 वर्षीय विनोद, 38 वर्षीय विजय और 26 वर्षीय वंशराज को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 96 घरेलू गैस सिलिंडर, वाहन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को बाहरी दिल्ली के बक्करवाला रोड से पकड़ा गया है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी एक खाली प्लॉट में अवैध रूप से घरेलू एलपीजी सिलिंडर जमा करते थे और भरे हुए सिलिंडरों से गैस को अवैध पाइपों और अन्य उपकरणों की मदद से खाली सिलिंडरों में रिफिल करते थे। एलपीजी डिलीवरी के काम से जुड़े थे। बरामदगी में 96 एलपीजी सिलिंडरों के अलावा तीन टेंपो, तीन वजन मशीनें और दो धातु पाइप शामिल हैं। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। विकासपुरी के खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को सूचित किया गया और उनकी मौजूदगी में सभी सिलिंडर जब्त कर लिए गए। आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वे डिलीवरी के लिए आने वाले सिलेंडरों को अवैध रूप से मोड़कर खुले बाजार में बेचते थे। मामले की आगे की जांच जारी है।