कंझावला के रानी खेड़ा गांव में शराब से लदी एक सफारी कार रविवार रात अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। गोताखोरों ने कार में सवार एक युवक को बाहर निकाल कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया है।
विज्ञापन
जांच के दौरान पता चला कि कार में एक युवक और मौजूद था। उसे गोताखोर तलाश कर रहे हैं। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। रात होने की वजह से तलाशी अभियान को रोक दिया गया है। आशंका है कि मरने वाले शराब तस्कर हैं और पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार से कार ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि रानी खेड़ा गांव में एक कार तलाब में गिर गई है। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए और कार को बाहर निकाल लिया। कार में काफी मात्रा में अवैध शराब थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार में दो युवक सवार थे।
मौके पर गोताखोरों को बुलाकर तलाब में तलाशी अभियान चलाया गया। दोपहर में गोताखोरों ने एक युवक को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मरने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
मंगलवार को एक बार फिर गोताखोर दूसरे युवक की तलाशी अभियान चलाएंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गाड़ी के नंबर के जरिए मालिक की पहचान कर मरने वाले युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।