दिल्ली पुलिस ने बरामद की करोड़ों रुपए की अवैध विदेशी शराब
- फोटो : अमर उजाला
पॉश इलाके साउथ एक्स स्थित स्टूडियो एक्सओ बार में अवैध विदेशी शराब पिलाई जा रही थी। दिल्ली सरकार के एक्साइज विभाग ने हौजखास थाना पुलिस के साथ बार में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की। बार को सील कर मैनेजर धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। बार के मालिक छापेमारी के बाद फरार हैं। इस बाबत हौजखास थाने में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। एक्साइज विभाग ने तीन जगह से करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब बरामद की है।
एक्साइज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एक्साइज इंटेलीजेंस ब्यूरो के एसआई संजय शर्मा को सूचना मिली थी कि हरियाणा से लाकर विदेशी अवैध शराब दिल्ली में सप्लाई हो रही है। सहायक आयुक्त केपी सिंह की देखरेख में बनाई गई विशेष टीम ने साउथ कैंपस थाना इलाके में एक टेंपो पकड़ा। इससे अवैध विदेशी शराब की करीब चार लाख रुपये की कीमत की 127 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने टेंपो चालक विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने कीर्ति नगर स्थित गोदाम में दबिश दी और अवैध विदेशी शराब की 4467 बोतलें बरामद कीं। कीर्ति नगर थाने में मामला दर्ज करा प्रभात कुमार और नवीन कुमार को गिरफ्तार किया गया। इस बरामद अवैध विदेशी शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
प्रभात व नवीन ने बताया कि वह अवैध शराब हरियाणा से लाकर दिल्ली के होटल, बार व पब में सप्लाई करते हैं। पूछताछ में पता लगा कि साउथ एक्स में स्थित स्टूडियो एक्सओ बार में अवैध विदेशी शराब की खेप सप्लाई की थी। एसआई संजय शर्मा की टीम ने मंगलवार रात बार में दबिश देकर अवैध विदेशी शराब की 91 बोतल बरामद की गई। बरामद अवैध शराब की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। एक्साइज विभाग ने हौजखास थाने में दो एफआईआर दर्ज कराईं और बार मैनेजर धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बरामद विदेशी शराब पर एक्साइज ड्यूटी नहीं दी गई थी।