फरीदाबाद नगर योजनाकार तोड़फोड़ दस्ते ने मंगलवार को मुजेसर गांव में चार एकड़ जमीन पर काटी जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
यहां ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर योजनाकार-प्लानिंग रेणुका सिंह और थाना मुजेसर प्रभारी सैफुद्दीन मौजूद रहे।
नगर योजनाकार-तोड़फोड़ संजीव मान ने बताया कि सेक्टर-24 के पास गांव मुजेसर में चार एकड़ जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
इसमें कार्रवाई के दौरान एक डीलर ऑफिस, 15 डीपीसी लेवल के निर्माण व बाउंड्री वॉल, सड़क नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। कॉलोनी काटने वालों को नोटिस दिया गया है।
नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण
ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम की तोड़फोड़ टीम ने अभियान चलाया।
इस दौरान टीम ने नीलम बाटा रोड पर ग्रीन बेल्ट में कब्जा जमाए दुकानों व खोखों को हटाया। तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में नीलम चौक पर कुछ लोगों ने जमा होकर हंगामा किया, लेकिन अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी।