जिला प्रशासन द्वारा गठित टीम ने बृहस्पतिवार को भोड़सी गांव एरिया में करीब 32 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। इस दौरान अवैध तौर से काटी जा रही कॉलोनी पर भी प्रशासन का डंडा चला।
जिला नगर योजनाकार विभाग ने लोगों को चेतावनी दी कि वह बिना एनओसी के किसी प्रकार का निर्माण नहीं किया जाए। अगर वह ऐसा करते हैं तो उन पर फिर से कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय को भी तोड़ा गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की भूमिका में तहसीलदार नरेश कुमार मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई बिना किसी विरोध के संपन्न हुई।
दस्ते ने कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी की दीवारों को तोड़ा। जिला प्रशासन के अनुसार यह अवैध कॉलोनी भोड़सी-रिठौज रोड पर 10 एकड़ भू-क्षेत्र में काटी जा रही है।
यहां से 19 अवैध निर्माण को हटाया गया। यहां के 30 मीटर प्रतिबंधित क्षेत्र से लगे ग्रीन बेल्ट क्षेत्र पर होर्डिंग को भी हटाया गया। यह ग्रीन बेल्ट गुड़गांव-सोहना रोड पर स्थित है।
जिला नगर योजनाकार (इंफोर्समेंट) संजय कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस मौके पर एटीपी नरेंद्र कुमार, जेई तकदीर सिंह, जेई सतिंदर सिंह, एसएचओ भोड़सी, सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करने से गुरेज नहीं करेगा।