विमानों की आवाजाही और संचालन क्षमता बढ़ेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट का तीसरा रनवे 11आर/29एल रविवार से फिर विमानों के परिचालन के लिए उपलब्ध होगा। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने रनवे का व्यापक पुनर्वास कार्य पूरा कर लिया है। निरीक्षण, परीक्षण के बाद जरूरी नियामकीय मंजूरियां भी मिल गई हैं।
डायल के अनुसार, रनवे के पुनर्वास का काम फरवरी में शुरू हुआ था। इस दौरान रनवे की सतह को नए सिरे से तैयार करने के साथ उसे मजबूत बनाया गया। विमानों को तेजी से रनवे से बाहर निकालने के लिए नया रैपिड एग्जिट टैक्सीवे (आरईटी जेड1) बनाया गया है। एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग और विद्युत ढांचे में भी सुधार किया गया है। डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रदीप पणिकर ने कहा कि तीसरे रनवे का दोबारा संचालन दिल्ली एयरपोर्ट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
आवाजाही होगी बेहतर
रनवे के दोबारा संचालन से विमानों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी और रनवे पर ठहराव का समय कम करने में मदद मिलेगी। अलग-अलग मौसम में उड़ानों के संचालन की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। इससे दिल्ली एयरपोर्ट को भविष्य में बढ़ते हवाई यातायात को संभालने में मदद मिलेगी।