- स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स में खिताब जीतकर दुनिया के टॉप 10 में शामिल हुआ इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्काईट्रैक्स द्वारा घोषित 2026 वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) को ‘भारत और दक्षिण एशिया का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट’ का खिताब लगातार आठवीं बार मिला है। यह उपलब्धि वर्ष 2019 से 2026 तक लगातार कायम है। जबकि आईजीआई दुनिया के टॉप-10 एयरपोर्ट में शामिल हो गया है।
डायल के सीईओ वीदेह कुमार जैपुरियार ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट 70 मिलियन से अधिक यात्रियों की श्रेणी में दुनिया के शीर्ष 10 हवाई अड्डों में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यह पिछले वर्ष के आठवें स्थान से एक बड़ी छलांग है। इसके अलावा वैश्विक रैंकिंग में भी सुधार करते हुए एयरपोर्ट ने 2025 के 32वें स्थान से आगे बढ़कर 2026 में 28वां स्थान हासिल किया है। दिल्ली एयरपोर्ट दुनिया के शीर्ष 30 एयरपोर्ट्स में शामिल होने वाला भारत का एकमात्र हवाई अड्डा बना हुआ है। इसके अलावा, दिल्ली एयरपोर्ट को ‘भारत और दक्षिण एशिया में दूसरा सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट स्टाफ’ का भी दर्जा मिला है।
वहीं, वैश्विक स्तर पर इसे ‘सातवां सर्वश्रेष्ठ लेओवर एयरपोर्ट’ के रूप में भी मान्यता मिली है। यह एयरपोर्ट अब एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में उभर चुका है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया को यूरोप और उत्तरी अमेरिका से जोड़ता है। ये पुरस्कार स्काईट्रैक्स द्वारा कराए गए वर्ल्ड एयरपोर्ट सर्वे पर आधारित हैं, जिसमें 100 से अधिक देशों के यात्रियों की राय शामिल की जाती है। सात महीने तक चलने वाले इस सर्वे में एयरपोर्ट की सुविधाएं, सेवा गुणवत्ता और यात्रियों के समग्र अनुभव जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है। इस वर्ष का पुरस्कार समारोह लंदन (यूके) में आयोजित पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो में हुआ।