नूंह में पशुपालकों को ज्यादा पशु पालने व दूध आदि का व्यवसाय करने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने कई प्रोत्साहन योजनाएं चलाई हैं। इसके तहत उच्च कोटि की देशी गाय तथा मुर्राह नस्ल की भैंसों के उत्थान के लिए दुग्ध प्रतियोगिताएं व सशर्त नगद प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
योजना का लाभ हरियाणा गाय, साहीवाल गाय और मुर्राह भैंस पालक उठा सकते हैं। योजना के मुताबिक, हरियाणा गाय यदि एक दिन में 8 से 10 किलोग्राम दूध देती है तो पशुपालक को 10 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि दी जाती है। 10 से 12 किलोग्राम दूध पर 15 हजार, 12 किलोग्राम से अधिक दूध पर 20 हजार रुपये की राशि बतौर प्रोत्साहन दी जाती है।
इसी तरह साहीवाल गाय यदि एक दिन में 10 से 12 किलोग्राम दूध देती है तो 10 हजार, 12 से 15 किलोग्राम तो 15 हजार व 15 किलोग्राम से अधिक दूध देने पर 20 हजार रुपये दिए जाते हैं। वहीं, मुर्राह भैंस 18 से 22 किलोग्राम दूध देती है तो 15 हजार, 22 से 25 किलोग्राम दूध पर 20 हजार व 25 किलोग्राम से अधिक दूध देने पर 30 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाते हैं।