हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा में एक विषय में फेल होने वाले छात्रों के लिए राहत की खबर है। बोर्ड एक विषय की री-अपीयर की परीक्षा जुलाई महीने में आयोजित करने जा रहा है।
जिससे छात्रों का एक साल बर्बाद नहीं होगा। पूरे प्रदेश में बोर्ड केवल एक दिन परीक्षा कराएगा। छात्रों के विषय अनुसार सेंटर और प्रश्न पत्र बांटे जाएंगे। इससे हजारों छात्रों को फायदा होगा। हालांकि कॉलेज में दाखिला लेने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बता दें कि अभी तक एक या एक से अधिक विषय में फेल होने पर भी छात्रों को परीक्षा के लिए सितंबर तक का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन इस बार बोर्ड ने पहले परीक्षा कराने का फैसला लिया है। बोर्ड का मानना है कि एक विषय फेल छात्र अधिक विषय में फेल हुए छात्रों के मुकाबले अधिक जानकार है।
छात्र से कही भूल या तनाव की वजह से परीक्षा खराब हुई है। बोर्ड अधिकारियों का दावा है कि एक दिन परीक्षा होने के बाद अगले दिन से ही मूल्यांकन शुरू कर दिया जाएगा और एक से दो सप्ताह के भीतर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा।
हालांकि एक से अधिक विषय में फेल हुए छात्रों की परीक्षा सितंबर महीने में ही होगी। सहायक सचिव रामचंद्र ने बताया कि छात्रों का साल बर्बाद न हो। इस बाबत बोर्ड ने यह फैसला लिया है। कम अंक से फेल होने वाले छात्रों को अधिक लाभ होगा।