साइबर सिटी में पब-बार में जाने की सोच रहे हैं तो पहले यहां के नए नियमों के बारे में जानकारी जुटाकर जाइए। पुलिस की सख्ती के बाद शहर के कई पब-बार संचालकों ने प्रवेश संबंधी नियमों में बदलाव कर दिया है।
अकेली लड़कियों के प्रवेश पर सख्ती के बाद कपल और शादीशुदा साबित होने पर ही प्रवेश दिया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो एमजी रोड पर कुछ पब-बार ने अकेली लड़की के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है।
साइबर सिटी में नए पुलिस आयुक्त की नियुक्ति के बाद से एमजी रोड स्थित कई पब-बार में वेश्यावृत्ति की सूचना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया था। कई पब-बार में छापेमारी कर कार्रवाई की गई। इसे देखते हुए शहर के कई पब-बार संचालक लड़कियों के प्रवेश के लिए नए नियम बनाते हुए युवा जोड़े को ही प्रवेश दे रहे हैं।
इसमें बाकायदा दोनों के आईडी प्रूफ की जांच के बाद ही अनुमति दी जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के लिए भी एक आईडी प्रूफ की कॉपी ली जा रही है। हालांकि बनाए गए नए नियमों से बार-पब संचालक खुद भी खुश नहीं हैं।
लड़कियां बन रहीड्ड ‘पेड कपल’
एक बार संचालक सिमरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस की सख्ती के कारण महिला ग्राहक आने से कतराने लगी हैं। इसके कारण संचालन पर भी इसका फर्क आ रहा है। संचालक इन सब झंझटों से बचने के लिए कपल को ही प्रवेश दे रहे हैं। इस बारे में आबकारी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
शहर में पब-बार में लड़कियों के प्रवेश पर सख्ती को लेकर अब पेड कपल बनकर यहां प्रवेश लिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस की नजर से बचने के लिए एमजी रोड, सेक्टर-29, सोहना रोड के पब-बार के आसपास लड़के खड़े हो रहे हैं, जो अकेली लड़कियों से पैसे लेकर कपल बनकर एंट्री कराने का नया धंधा करने लगे हैं।
युवाओं पर मनमानी से परेशान बार संचालक
बार संचालकों के मुताबिक एक्साइज एक्ट के तहत बार संचालन के बावजूद पुलिसकर्मी पब-बार के अंदर 25 वर्ष से ऊपर के युवकों से पूछताछ करते हुए उनके आईडी प्रूफ की जांच कर रहे हैं। इससे युवा बार-पब में आने से कतराने लगे हैं।
पब-बार संचालकों की आ रहीं शिकायतों के आधार पर पुलिस आयुक्त से बातचीत की गई है, जिसमें उन्होंने आश्वासन दिया है कि पब-बार में पुलिस यहां आने वाले लोगों के साथ आबकारी नियमों के अंतर्गत ही जांच पड़ताल कर रही है। किसी को कोई अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।
स्नेहलता, अतिरिक्त आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र), जिला आबकारी विभाग
किसी भी तरह के अनैतिक कार्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस की ओर से कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है और न ही इस मामले में कोई दिशा निर्देश दिए गए हैं। पुलिस जो भी कार्रवाई कर रही है, वह नियमानुसार कर रही है।
-केके राव, पुलिस आयुक्त