ओल्ड दिल्ली रोड पर शनि मंदिर के पास आईसीआईआई बैंक के एटीएम में कैश डालने के बाद वापस जा रही वैन के सुरक्षा गार्ड पर हमला बोलकर बदमाशों ने बुधवार की रात दस लाख रुपए लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने एक गार्ड को गोलीमार कर घायल किया। जबकि पुलिस से खुद को घिरा देख कर बदमाश पैसा झाड़ी में छिपाकर फरार हो गए।
पुलिस छानबीन के बाद पैसा बरामद कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। ओल्ड दिल्ली रोड पर शनि मंदिर के पास बुधवार की रात को आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में पैसा डालने के बाद वापस जा रहे गार्ड राम प्रसाद पर पल्सर बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तीन गोली दागी।
जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे घायल कर बदमाशों ने दूसरे सुरक्षा गार्ड मनोज व जगमोहन ने सुरक्षा गार्ड की बंदूक की बट से आरोपियों पर हमला भी किया। जिससे बंदूक बट टूट गई।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही छानबीन
आरोपी मौके की नजाकत को देखते हुए कैश से भरा बाक्स बाइक पर लेकर फरार हो गए। पैसा लेकर बदमाश पालम विहार की ओर निकले। आगे पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने पैसे से भरा बाक्स सेक्टर 23 के पेट्रोल पंप के पास झाड़ी में छुपा दिया।
जिसे पालम विहार पुलिस टीम को देर रात आस-पास की झाड़ी को सर्च करने के दौरान बरामद कर लिया है। पालम विहार थाना पुलिस ने दूसरे सुरक्षा गार्ड मनोज निवासी भिवानी के बयान पर लूट, शस्त्र अरधिनियम व जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सिक्योर वैल्यू कंपनी की ओर से मनोज, जगमोहन, राम प्रसाद एक करोड़ रुपया लेकर निकले थे। जो अलग-अलग एटीएम पर पैसा डालते हुए आ रहे थे। इस एटीएम पर पैसा डालकर वापस जा रहे थे। उस दौरान हमला हुआ। कैश बाक्स में केवल दस लाख रुपए ही थे।
एक्सिस बैंक का एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश
ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव स्थित शेर सिंह मार्केट में बुधवार रात बदमाश एक्सिस बैंक की एटीएम को उखाड़कर ले गए। मशीन में करीब सात लाख रुपये थे। बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद हल्की फाउंडेशन पर लगी मशीन को आगे-पीछे हिलाकर निकाल लिया और गाड़ी में लादकर ले गए। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह मशीन लगाने वाली प्रिज्म कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे जब मार्केट मालिक शेर सिंह घर से निकले तो उन्होंने देखा कि मार्केट में लगा एक्सिस बैंक की एटीएम गायब था। उन्होंने पहले पुलिस को और फिर बैंक अफसर और प्रिज्म कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी। एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह, सीओ हरेंद्र सिंह और कोतवाल होम सिंह मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि वारदात रात करीब एक से तड़के चार बजे के बीच हुई। पुलिस को एटीएम के बाहर वाहन के टायरों के निशान मिले। अंदाजा लगाया गया कि एटीएम को उखाड़ने के बाद बदमाश उसे इसी वाहन में लादकर ले गए।
हालांकि अभी पहचान नहीं हो पाई है कि टायरों के निशान किस गाड़ी के हैं। एक्सिस बैंक के आला अधिकारियों ने बताया कि एटीएम को लगाने समेत सारे अधिकार प्रिज्म कंपनी को दिया गया है, जबकि बूथ में लगा सीसीटीवी कैमरा दिल्ली स्थित ऑफिस से अटैच था। इधर, पुलिस के सूचना देने के बाद बैंक और प्रिज्म कंपनी के अधिकारी करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी, तब जाकर जांच आगे बढ़ी। पुलिस ने बताया कि एटीएम बूथ पर न तो शटर था और न ही वारदात के वक्त वहां गार्ड मौजूद था।