अनिल दुजाना गैंग के शूटर के नाम पर उद्योगपति के कारोबारी बेटे से रंगदारी मांगने वाला पूर्व नौकर ही निकला। उसे दो साथियों के साथ सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मालिक जैसे शौक की चाहत में वह बदमाश बन गया। ब्रांडेड कपडे़, जूते पहनने व 45 हजार का कर्ज उतारने को उसने रंगदारी मांगी थी। आरोपियों से तमंचा, कारतूस, चोरी की कार और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल मिला है।
बकौल एसएचओ पटेलनगर निवासी उद्योगपति के कारोबारी बेटे से 2 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रंगदारी का प्लान कारोबारी की कंपनी में पूर्व में नौकरी करने वाले लोकेश नागर निवासी हाथीपुर खेड़ा थाना बादलपुर जिला गौतमबुद्ध नगर ने बनाया था। प्लान में इसने साथियों सुशील बम्हैटा व सूर्या बादलपुर को शामिल किया।
लोकेश ने एक ही सिम का प्रयोग रंगदारी मांगने के लिए किया था। उसे राम चमेली चड्ढा कालेज के पास से गिरफ्तार किया गया है। अनिल दुजाना गैंग का शूटर रणपाल ग्रेटर नोएडा में लोकेश के गांव के पड़ोस का ही है।
उसकी बदमाशी की चर्चाएं सुनकर ही रणपाल के नाम से रंगदारी मांगी थी। आरोपियों ने बताया कि रंगदारी देने में असमर्थता जताने पर उन्होंने रकम 2 लाख से घटाकर 50 हजार कर दी थी।
पुलिस ने कारोबारी से आरोपियों के बताए स्थान पर रकम ले जाने को कहा। पुलिस वहां पहले से लग गई। राम चमेली चड्ढा कालेज के पास जैसे ही रंगदारी लेने आरोपी आए, पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बकौल सीओ द्वितीय आरोपी इसके बाद मोदीनगर के एक मुर्गा व्यापारी के बेटे का अपहरण का प्लान बना रहे थे।