दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अनधिकृत कॉलोनी के नाम पर जनता को बरगलाने का आरोप लगाया है। माकन ने मुख्यमंत्री को पिछली सरकार की तरफ से अनधिकृत कॉलोनी में काम नहीं कराने की राजनीति पर खुली बहस की चुनौती दी है।
पूर्व केन्द्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री रहे माकन ने दावा किया कि अनाधिकृत कॉलोनी के मामले में वह अरविंद केजरीवाल से ज्यादा समझ रखते हैं। साथ ही अगले दो महीने में सभी 1639 कॉलोनियों में रजिस्ट्री शुरू नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
अभी केजरीवाल सरकार ने 895 कॉलोनियों में बाउंड्री तय करने के बाद रजिस्ट्री शुरू करने की घोषणा की है। अजय माकन ने संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को कहा कि 1639 कॉलोनियों में विकास के काम शुरू करने और 895 कॉलोनी की बाउंड्री तय करने का काम कांग्रेस सरकार में हुआ था।