नई दिल्ली। कड़कड़डूमा कोर्ट ने अपनी पत्नी एकता जैन को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी वाशू बुभना को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। न्यायिक मजिस्ट्रेट सतेंद्र पाल सिंह ने यह आदेश पारित किया, जिसमें अभियोजन पक्ष की दलीलों और जांच अधिकारी (आईओ) की रिपोर्ट पर विचार किया गया।
आदेश में कहा गया कि जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी लंबित है, आत्महत्या नोट की फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) द्वारा पुष्टि की जानी है और घटना के संबंध में जांच जारी है। कोर्ट ने कहा, वर्तमान मामले के तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए, अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए पर्याप्त आधार बनते हैं।
इसके आधार पर, वाशू बुभना को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया और उन्हें 7 नवंबर को फिर से पेश होने का निर्देश दिया गया। बुभना को 24 अक्टूबर को लक्ष्मी नगर पुलिस स्टेशन की टीम ने गिरफ्तार किया था, और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने तथा क्रूरता के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उनकी पत्नी का शव 21 अक्टूबर को उनके घर में मृत पाया गया था। ब्यूरो