जानकारी के मुताबिक, हेमंत अपने पिता, तीन भाई, पत्नी और दो बच्चों के साथ नरेला के विशाल एन्क्लेव इलाके में रहता था। वह भोरगढ़ स्थित फैक्टरियों में डस्टिंग का काम करता था। मंगलवार सुबह पुलिस को हेमंत के फांसी लगाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में कर लिया। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
छानबीन करने पर पता चला कि पैसा खर्च करने को लेकर सोमवार रात उसका पत्नी से विवाद हो गया था। दरअसल उसकी पत्नी ने एक गुल्लक में 22 हजार रुपये जमा किए थे। सोमवार को उसकी पत्नी को पता चला कि गुल्लक में पैसे नहीं हैं। उसने पति से पैसे को लेकर पूछताछ की। टालमटोल करने पर उसकी पत्नी ने इसकी शिकायत अपने ससुर से कर दी।
पिता ने हेमंत को इस बात को लेकर डांटा। जिससे हेमंत नाराज हो गया। मंगलवार सुबह वह अपने भाइयों को काम पर भेजने के बाद कमरे को अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस ने हेमंत को फंदे से लटका हुआ देखा। पुलिस मृतक की पत्नी और पिता से पूछताछ कर रही है।