वसंतकुंज थाना क्षेत्र में स्थित मसूदपुर में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी कमरे का बाहर से ताला बंद कर फरार हो गया। पड़ोसियों को जब पता लगा कि उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वसंतकुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने मामला दर्जकर पति की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पति विश्वनाथ रॉय पुत्र उमाकांत रॉय ने मोबाइल बंद कर दिया है। पुलिस की छह से ज्यादा टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि महिला रेखा रॉय (35) पति विश्वनाथ के साथ डी -31 ए, हरिजन बस्ती, मसूदपुर में रहती थी। उसके दो बच्चे हैं, जो उनके गांव पनागिरी, जमादारेरबस, पश्चिम बंगाल में रहते हैं। विश्वनाथ शराब पीने का आदी है। इस बात पर उसका पत्नी से आए दिन झगड़ा होता था। शुरुआती जांच में पता लगा है कि रविवार-सोमवार की रात भी दोनों में झगड़ा हुआ और विश्वनाथ ने पत्नी रेखा की पीट-पीट कर हत्या कर दी। जब वह अचेत हो गई आरोपी कमरे का बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने कमर में झांक कर देखा।
कमरे में रेखा अचेत पड़ी हुई थी। पड़ोसियों ने सोमवार सुबह 8.10 बजे इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना के बाद वसंतकुंज (नार्थ) थानाध्यक्ष टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पड़ोसियों ने बताया कि ये एक महीने पहले ही मसूदपुर में किराए पर रहने आए थे। आरोपी पति बी-7 वसंतकुंज में स्थित पेट्रोल पंप पर दो महीने से काम कर रहा है। एफएसएल टीम और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रेखा के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है।