बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि 25 जून को रानीबाग थाना पुलिस को ऋषि नगर में झपटमारी की शिकायत मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को एक महिला मिली। जिसने बताया कि वह रानीबाग की ऋषि नगर की रहने वाली है। वह अपने घर से पास के एरोबिक सेंटर जा रही थी। एकता बुटीक के पास एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी आई। वाहन को एक युवक चला रहा था, जबकि पीछे गुलाबी रंग का सूट पहने एक महिला बैठी थी। पीछे बैठी महिला उसके पास आई और एक झटके से सोने की चेन छीन ली और स्कूटी पर सवार होकर भाग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी प्रभांशु कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सहित बदमाशों के भागने की दिशा में लगे तीन सौ सीसीटीवी कैमरे की जांच की। कैमरे की जांच करते हुए पुलिस टीम नांगलोई पहुंची। इस बीच फुटेज में कैद स्कूटी नंबर की जांच करने पर पता चला कि स्कूटी निहाल विहार इलाके से चुराई गई थी। नांगलोई में मौजूद मुखबिरों से पता चला कि बदमाश का नाम राहुल उर्फ मोटा है, जो अपनी पत्नी के साथ वारदात को अंजाम देता है।
दोनों सुल्तानपुरी के निवासी हैं। पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी, लेकिन दोनों घर से लापता थे। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। जिनसे पता चला कि दंपती उत्तम नगर के हस्तसाल इलाके में छिपकर रह रहे हैं। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए रविवार को दंपती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल स्कूटी के अलावा दो तोले की सोने की चेन बरामद कर ली।