नोएडा में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में नोएडा के टिकट को लेकर हंगामा हो गया। एक सांसद ने तो यहां तक कह दिया कि अगर पार्टी भाई-भतीजावाद समाप्त करना चाहती है तो यह नियम सभी के लिए लागू किया जाए।
देर रात टिकट को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका। सूत्रों ने जानकारी दी कि शनिवार को वृंदावन में जब कोर कमेटी की बैठक चल रही थी तो एक सांसद ने नोएडा विधानसभा में टिकट का मुद्दा उछाल दिया।
सांसद ने कहा कि नोएडा में एक मंत्री पुत्र को टिकट देने की तैयारी की जा रही है, अगर ऐसा है तो वह भी अपने पुत्र के लिए संसदीय क्षेत्र में एक खाली हुई सीट से टिकट मांगेंगे।
इस बात को लेकर अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यह सही है। अगर संगठन कोई नियम बनाता है तो उसका पूरे देश में पालन होना चाहिए।
सूत्रों ने यह भी जानकारी दी है कि हंगामा होने के बाद बैठक में से दो लोग सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए और खासमखास लोगों से इस पर चर्चा की गई।
रविवार को हो सकती है टिकटों की घोषणा
यह बात भी रखी गई कि अगर नोएडा से किसी मंत्री पुत्र को टिकट दिया गया तो पार्टी को अन्य स्थानों से भी उपचुनाव में किसी सांसद या अन्य पदाधिकारी के परिवार केसदस्य को टिकट देना पड़ेगा।
इतना ही नहीं 2017 में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के वक्त ज्यादा परेशानी होगी। सूत्रों ने बताया कि पार्टी मुखिया अमित शाह शनिवार शाम को तिरुपति बाला जी के दर्शन करके दिल्ली वापस लौटे हैं।
रात 9 बजे मीटिंग शुरू हो गई और देर रात तक चली। उसी मीटिंग में नोएडा समेत विभिन्न सीटों के लिए बातचीत की गई। सांसद द्वारा उठाए गए सवाल पर मंथन भी किया गया। संभावना है कि रविवार को नामों की घोषणा की जा सकती है।
उधर, सपा और कांग्रेस की हालत यह है कि वह भाजपा की बैठकों की टोह लेने में लगे हुए हैं। जैसे ही भाजपा अपना प्रत्याशी घोषित करेगी, इसके बाद राजनीतिक लाभ-हानि का जोड़तोड़ करने के बाद ही उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।
सपा हाईकमान ने तो साफ कह दिया है कि टिकट का फैसला हो चुका है, पहले भाजपा का आ जाने दो। उधर, कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि टिकट बंटवारे में सोनिया और राहुल गांधी ही फैसला करेंगे। इसमें जमीनी नेता को मौका दिया जाएगा और किसी की सिफारिश नहीं चलेगी।
रोहतक के इनेलो नेता हलोपा में हुए शामिल
हरियाणा लोकहित पार्टी के गुड़गांव स्थित मुख्यालय में शनिवार को रोहतक जिले के इनेलो नेता जयकिशन खनगवाल व बवानीखेड़ा के डॉ. राजेश खरक के नेतृत्व में जसबीर राजपूत नंबरदार, वेद सिंह, सोनू स्वामी, दर्शन सिंह आदि कई लोगों ने पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की।
इस दौरान कांडा ने कहा कि हलोपा की सरकार बनने पर प्रदेश में तीन टैक्स फ्री जोन बनाए जाएंगे। जिनमें एक सिरसा व हिसार के बीच होगा। दूसरा भिवानी और महेंद्रगढ़ के बीच तथा तीसरा कुरूक्षेत्र-यमुनानगर के साथ लगते क्षेत्र में बनेगा। हलोपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बनने पर राज्य में लघु उद्योगों को सुविधाएं प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएग।