कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी, पूसा में 23.5 मिमी और जनकपुरी में 9.5 मिमी बारिश दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार को पूरे दिन बादलों का डेरा रहा। धूप से राहत मिलने के बावजूद बढ़ी गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दिनभर उमस के कारण लोग पसीने से बेहाल रहे। इस दौरान शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 0.01 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि पूसा में 23.5 मिमी और जनकपुरी में 9.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम 58 प्रतिशत रही। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तथा अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 5 से 10 जुलाई के बीच दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। 5 और 6 जुलाई को कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ समय के लिए हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
10 जुलाई तक बारिश के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार 7 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे तथा सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। 8 और 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह रहेगा और रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 10 जुलाई को एक बार फिर हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।