लगता है कि गुड़गांव में नाम बदलने का चलन शुरू हो गया है। गुड़गांव के गुरुग्राम बनने के बाद नाम बदलने की फेहरिस्त में हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम भी जुड़ गया है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने स्टेशन का नाम बदलकर शालीमार हुडा सिटी सेंटर कर दिया है। डीएमआरसी ने रातों रात स्टेशन के नाम में बदलाव कर यात्रियों को चौंका दिया है। लोगों का कहना है कि हर किसी की जुबान पर हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन नाम चढ़ा हुआ है। इसमें शालीमार जुड़ने से लोगों का कंफ्यूजन बढ़ेगा।
हुडा सिटी सेंटर गुड़गांव में डीएमआरसी का अंतिम मेट्रो स्टेशन है। हालांकि स्टेशन के नाम में बदलाव की प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। इसके लिए डीएमआरसी द्वारा टेंडर जारी किया गया था। इसी आधार पर इस स्टेशन के नाम में बदलाव किया गया है।