गाजियाबाद से नोएडा जाने के लिए अब लोगों को एनएच-24 के भीषण जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार योजना से होते हुए एनएच-24 पर दो अंडरपास बनाने का निर्णय लिया है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। एनएचएआई इसके लिए मंजूरी देता है तो परिषद सिद्धार्थ विहार में दो अंडरपास बनाएगा।
आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार योजना को नोएडा से जोड़ने के लिए तैयारी कर ली है। सिद्धार्थ विहार योजना को एनएच-24 पर से कोई भी एंट्री अथवा एग्जिट प्वाइंट नहीं मिला है।
ये प्वाइंट सीधे नोएडा सेक्टर-63 में निकलेंगे
परिषद अधिकारियों के अनुसार एनएच-24 की ओर दो एंट्री और एग्जिट प्वांइट बनाए जाएंगे। ये प्वाइंट सीधे अंडरपास से होते हुए नोएडा सेक्टर-63 में निकलेंगे। आवास आयुक्त एमकेएस सुंदरम ने बताया कि योजना की मोबिलिटी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नए प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो नोएडा पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। इसका फायदा गाजियाबाद की अन्य कालोनियों को भी मिलेगा।
परिषद एनएच-24 के किनारे सर्विस लेन का निर्माण करेगा। सर्विस लेन पर सिद्घार्थ विहार योजना की एंट्री होगी। योजना से निकलकर वाहन सर्विस लेन पर जाएंगे। सर्विस लेन अंडरपास से जुड़ेगी, जिससे लोग नोएडा पहुंच सकेंगे। इतना ही नहीं स्लिप रोड के सहारे वाहन सर्विस रोड से एनएच-24 पर भी जुड़ सकेंगे।
और भी योजनाएं
परिषद की योजना में गंगा, यमुना, हिंडन और ब्रह्मपुत्र एंकलेव के रूप में करीब 4 हजार फ्लैट निर्माणाधीन है। इसके बाद जल्द ही कई निजी बिल्डरों की ग्रुप हाउसिंग स्कीम भी लांच होने जा रही है।
इन सभी योजनाओं को हिट करने के लिए परिषद ने अंडरपास बनाने की योजना बनाई है।
आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार योजना को नोएडा से जोड़ने के लिए तैयारी कर ली है। इसके अलावा भी आवास एवं विकास विकास परिषद नोएडा ने कई योजनाएं बनाई हैं, जो बहुत जल्द लागू होने वाली हैं।