राजधानी में बीते कई दिनों से लुढ़क रहे तापमान में मंगलवार को उछाल आ गया। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण चार साल बाद 5 फरवरी सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान के बढ़ने के कारण दिन में गर्मी का अहसास हुआ। इससे पहले वर्ष 2014 में पारा 26 डिग्री पहुंचा था। बीते दो तीन से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस कारण से सर्दी का सितम नहीं झेलना पड़ रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो से तीन दिन तापमान लगभग ऐसा ही बना रहेगा। दो दिन तेज हवाएं चलने व बारिश की भी संभावना है। आठ फरवरी के बाद एक बार फिर से तापमान में मामूली गिरावट होगी।
9 फरवरी को तो न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 10 व 11 फरवरी को अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की संभावना है। आठ फरवरी के बाद कोहरे की भी वापसी होगी।