नई दिल्ली के इंद्रपुरी थाना पुलिस ने कार में छूटे एक मोबाइल फोन की मदद से चोरी की गई एक होंडा सिटी कार बरामद कर ली है। पुलिस सर्विलांस के जरिये नई दिल्ली स्टेशन के पार्किंग से कार बरामद की गई। बदमाशों ने कार चोरी के बाद उसे यहां पार्र्क कर दिया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक डीडीए फ्लैट टोडापुर निवासी परमवीर का प्रिंटिंग प्रेस का काम है। शनिवार रात परमवीर ने अपनी होंडा सिटी कार को घर के बाहर पार्क कर दिया। देर रात उसे पता चला कि उसका फोन कार के अंदर छूट गया है। वह फोन लेने के लिए कार के पास आया। लेकिन उसकी कार गायब थी।
परमवीर ने तुरंत घटना की जानकारी 100 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि परमवीर के दो फोन कार के अंदर ही रह गए थे। पुलिस ने दोनों नंबरों को सर्विलांस पर लगाया। इसमें पता चला कि परमवीर का एक फोन बंद है, जबकि दूसरा फोन चालू है। फोन की लोकेशन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आ रही थी, जिसके जरिये पुलिस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पार्किंग में पहुंची। वहां पुलिस को परमवीर की होंडा सिटी कार मिल गई।
जांच में पता चला कि जिस फोन को सर्विलांस कर पुलिस कार तक पहुंची थी वह फोन सीट के नीचे गिरा था, जबकि परमवीर का एक फोन कार से गायब था। पुलिस को आशंका है कि बदमाश कार चोरी करने के बाद उसे र्नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर चले गए। जिसे बाद में बदमाश बेचने का प्रयास करते।