नशे में हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की साजिश की सूचना देना कैब चालक को महंगा पड़ गया। उसे शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में आई कॉल में एक शख्स ने कहा कि दो नाइजीरियाई युवक हाथ में बैग लेकर हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के नजदीक खड़े हैं और आपस में मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की बात कर रहे हैं।
इससे पुलिस में अफरा-तफरी फैल गई। थाना सेक्टर-29 पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। यहां संदिग्धों की खोजबीन के साथ मेट्रो स्टेशन व परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला गया।
जांच में दो नाइजीरियाई युवक हाथ में बैग लिए दिखे तो पुलिस का भी शक गहरा गया। इसके बाद स्टेशन परिसर में जांच शुरू की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले की तलाश शुरू की। रातभर के प्रयासों के बाद शनिवार सुबह एक व्यक्ति को नशे की हालत में डीएलएफ फेज-4 में काबू किया गया।
आरोपी बिहार के छपरा जिले के गांव विष्णुपुरा का रहने वाला शशि रंजन है। उसने बताया कि वह यहां ट्रैवल कारोबारी विकास यादव की टैक्सी पर छह वर्ष से चालक है। शराब के नशे में उसने पुलिस को फोन किया था।
दूसरी ओर, उद्योग विहार थाना पुलिस ने ज्वाला मिल के पास सेना परिसर में घुसने वाले एक युवक को शुक्र वार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है।
शुक्रवार को वायु सेना परिसर में 25 वर्षीय युवक घुस गया। सेना के लोगों ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि विप्लव नाम का युवक वेस्ट बंगाल का रहने वाला है। सेना ने उसे उद्योग विहार थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पता चला कि वह किसी वाहन पर क्लीनर का काम कर चुका है।